संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) का खिताब जीतने के बाद साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के प्लेयर ऑफ द मैच अंकित डबास ने अपनी मैच विजयी पारी और टीम के प्रदर्शन को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि फाइनल में बल्लेबाजी के दौरान उनका पहला लक्ष्य टीम की जरूरत को समझना था। परिस्थितियों को भांपने के बाद उन्होंने अपने शॉट्स खेले और उन्हें भरोसा था कि टीम लक्ष्य हासिल कर लेगी। डबास ने कप्तान तेजस्वी दहिया की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की गेंदबाजी में बदलाव और रणनीतिक फैसले बेहद प्रभावी रहे। आईपीएल का अनुभव टीम के लिए काफी उपयोगी रहा। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की और अंशुमान हुड्डा को टीम के सबसे तेज और बेहतरीन गेंदबाजों में से एक बताया। डबास के अनुसार, टीम की एकजुटता और अलग-अलग मुकाबलों में खिलाड़ियों का आगे आना खिताबी जीत की सबसे बड़ी वजह रही।