संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार की मौत के मामले में द्वारका कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से अब तक की जांच पर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। साथ ही कोर्ट ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनके काम करने की हालत की भी जानकारी देने को कहा है। हादसा पिछले हफ्ते जनकपुरी में हुआ था, जहां दिल्ली जल बोर्ड की ओर से खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। मृतक के परिवार ने कोर्ट में अर्जी देकर जांच की प्रगति और सीसीटीवी कैमरों की जानकारी मांगी थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी हरजोत सिंह आहूजा ने जनकपुरी थाने के थाना प्रभारी और जांच अधिकारी (आईओ) को शुक्रवार तक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि 13 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक रिपोर्ट पेश की जाए।