नई दिल्ली। जिले की सभी थाना पुलिस और स्पेशल यूनिट्स की मोबाइल क्रैक टीमों ने 71 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए है। ये फोन एक से दस जून के बीच बरामद किए गए हैं। इनमें से 45 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। बाकी बरामद मोबाइल फोन मालिकों को सौंपने के लिए अभी सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि यह रिकवरी अभियान सभी थानाध्यक्षों, इंस्पेक्टर/स्पेशल स्टाफ, इंस्पेक्टर/एएटीएस और एसीपी/कनॉट प्लेस की कड़ी निगरानी में चलाया गया। उन्होंने बताया कि नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने 13, बाराखंभा रोड थाना पुलिस ने 10, कर्तव्य पथ पुलिस ने 9, मंदिर मार्ग ने 8, जिले के स्पेशल स्टाफ़ ने 8, साउथ एवेन्यू पुलिस ने 5, तुग़लक़ रोड पुलिस ने 5, तिलक मार्ग ने 5, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस ने 3, कनॉट प्लेस 3 और चाणक्यपुरी पुलिस ने 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ब्यूरो