डीसीपी ग्रामीण जोन रवि कुमार ने बताया कि मोदीनगर पुलिस को रविवार सुबह कादराबाद चौकी क्षेत्र स्थित एक खाली प्लॉट में एक महिला घायल अवस्था में मिली थी। चिकित्सकों ने गंभीर हालत के कारण महिला को मेरठ रेफर कर दिया था। होश आने पर दिल्ली निवासी महिला रेनू गहलोत ने परिजनों का फोन नंबर बताया।
परिजनों ने दिल्ली स्थित गुलाबी बाग निवासी एक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट दीपक के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सोमवार पूर्वाह्न आरोपी दीपक को तहसील के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक ने बताया कि किस्त कलेक्शन के दौरान उसकी रेनू से दोस्ती हो गई थी। इसके बाद दोनों में घनिष्ठ मित्रता हो गई।
आरोपी दीपक ने बताया कि रेनू तलाकशुदा थी और उससे उम्र में भी काफी बड़ी थी। वह उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। आरोपी दीपक साजिश के तहत रेनू को लॉन्ग ड्राइव पर जाने के बहाने दिल्ली से स्कूटी पर लेकर मोदीनगर पहुंचा और यहां कादराबाद क्षेत्र में सुनसान स्थान देखकर खाली प्लाट में ले गया और वहां दुपट्टे से महिला का गला घोंटा तथा दीवार में सिर पटका। रेनू अचेत होकर जमीन पर गिर गई। रेनू को मृत समझकर दीपक वहां से भाग गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर भोजपुर पुलिस ने भी गांव फजलगढ़ निवासी चालक राहुल हत्याकांड में फरार आरोपी दिनेश पुत्र ज्ञानचंद को गिरफ्तार कर लिया। राहुल हत्याकांड में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि चौथा आरोपी अभी फरार चल रहा है।