-डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, निगरानी के लिए बनाए गए मचान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। त्योहारों के दौरान सदर बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। मंगलवार को डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट के नेतृत्व में सदर बाजार इलाके में फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार में भीड़ का जायजा लेने के साथ लोगों की आवाजाही, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस ने भीड़ नियंत्रण के लिए स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त बल भी तैनात किया है। डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सदर बाजार में फ्लैग मार्च किया गया है। इसका उद्देश्य बाजार में आने वाले लोगों की संख्या, भीड़ की गतिविधियों और आवाजाही का आकलन करना है। उन्होंने बताया कि त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए अन्य थानों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को सदर बाजार थाने में तैनात किया गया है।