मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि पिछले काफी समय से करोल बाग और उसके आसपास के एरिया में वाहन चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इनके खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच कर रही थी। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला तो पता चला कि सुबह करीब चार से छह बजे के बीच एक 17 से 19 साल के बीच का एक लड़का वाहन चोरी कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने सादे कपड़ों में एरिया की निगरानी शुरू कर दी।
करीब 12 दिन निगरानी करने के बाद शुक्रवार देर रात को करोलबाग क्षेत्र में चोरी करने पहुंचे नाबालिग को पकड़ लिया गया। उसके पास से छह स्कूटी व अन्य सामान बरामद हुआ। उसकी गिरफ्तारी से करोल बाग इलाके में वाहन चोरी के 12 मामले सुलझे हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह बड़ा होकर सुपर चोर बंटी बनना चाहता था। वह बॉलीवुड मूवी से काफी प्रभावित है।