पश्चिमी दिल्ली संसदीय सीट के द्वारका में बुधवार को आयोजित चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिसे लूटा गया है, भाजपा सरकार उसका धन लौटाएगी। वहीं, जिसने लूटा है, उसे चुन-चुनकर जेल पहुंचाएगी। शराब घोटाला व नेशनल हेराल्ड की हेराफेरी करने वालों से पाई-पाई वसूली जाएगी। उन्होंने इस घोषणा को मोदी की गांरटी करार दिया।
उन्होंने कहा कि इन दिनों लाखों-करोड़ों रुपये मिल रहे हैं। पिछले दिनों ही 22 हजार करोड़ रुपये पकड़े गए। चुनाव की घोषणा के बाद से ही नौ हजार करोड़ रुपये जब्त हुए। जिससे यह पैसा लूटा गया है, वे एक-एक पाई लौटाएंगे। इसके लिए वे कानूनी सलाह ले रहे हैं। जो पैसा मिला है वह देश के किसी न किसी नागरिक का होगा। इसका स्रोत पता किया जा रहा है। जिससे भी यह पैसा लिया गया है, उसे लौटाया जाएगा। जो इसके लुटेरे हैं, वे कोई भी हों, उनका जेल में जाना तय है।मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि दिल्लीवाले भ्रष्टाचारियों का खेल देख रहे हैं। इन लोगों ने दिल्ली के लोगों को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा। अदालत भी इनकी लूट देखकर हैरान है। भ्रष्टाचार मिटाने के दम में सत्ता में आए खुद भ्रष्टाचारी हो गए हैं। बीते दिनों के अदालत के निर्णय से इस बात का पता भी चल रहा है।
गठबंधन घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी
रैली में पीएम ने एक बार फिर गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गठबंधन में तीन चीजें समान हैं। यह घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी है। दिल्ली के खान मार्केट गैंग ने इन घोर सांप्रदायिक लोगों की रक्षा करने में जिंदगी खपा दी, उनके पापों को देश की जनता से छिपाने का पाप किया है। अब समय इन घोर सांप्रदायिक लोगों को सबक सिखाने का समय है।
जामिया मिल्लिया के आरक्षण पर सवाल
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने उच्च शैक्षणिक संस्थानों में एससी-एसटी-ओबीसी भाई-बहनों का हक छीनने का काम किया। पूरा देश इसे जानता है। कांग्रेस सरकार ने चुपचाप एक चाल चली। अचानक जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक संस्थान घोषित कर दिया। इससे 50 प्रतिशत आरक्षण मुसलमानों के लिए लागू हो गया। इससे अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों का हक छीन लिया गया।
दमदार सरकार और दमदार पीएम दिल्ली का दायित्व है
पीएम ने कहा कि दिल्ली देश का दिल है। दमदार सरकार और दमदार पीएम देना दिल्ली का दायित्व है। मतदान ज्यादा से ज्यादा करवाना है। पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ना है। उन्होंने दिल्ली वालों को गारंटी दी कि भ्रष्टाचारियों को छोड़ेंगे नहीं। दिल्ली की जनता दो शब्द से निर्णय कर सकती है कि सरकार किसकी बनेगी। भाजपा का है नेशन फर्स्ट और गठबंधन का है फैमिली फर्स्ट। अब देश निर्णय करें कि राष्ट्र पहले चाहिए या परिवारवाद।
रैली में मौजूदगी
द्वारका की रैली में भाजपा के उत्तरी दिल्ली के प्रत्याशी योगेंद्र चंदौलिया, पश्चिम दिल्ली की प्रत्याशी कमलजीत सहरावत, दक्षिण दिल्ली के प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधूड़ी व नई दिल्ली सीट से प्रत्याशी बांसुरी स्वराज मंच पर उपस्थित रहे। वहीं, मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी और प्रवेश वर्मा के अलावा मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंंद्र सचदेवा, अरविंद सिंह लवली, राजकुमार चौहान भी मौजूद रहे।