-आजादपुर गांव में तड़के हुई वारदात, मकान के चार एसी के आउटडोर यूनिट और किराने की दुकान का सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। आजादपुर गांव में बृहस्पतिवार तड़के दो युवकों ने एक बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बाइक में आग लगने के कुछ ही देर बाद उसकी टंकी में जोरदार धमाका हुआ। इससे आग की लपटें आसपास फैल गईं और एक मकान के बाहर लगे चार एसी के आउटडोर यूनिट, बिजली के तार और किराने की दुकान के बाहर रखा सामान जल गया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे दो युवक गली में पहुंचे थे। दोनों कुछ देर तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। इसके बाद एक आरोपी गली के एक छोर पर खड़ा हो गया, जबकि दूसरा बाइक के पास पहुंचा। उसने बाइक पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगा दी। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग गए।