संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया में स्थित एक संपत्ति में जिम और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलाने की अनुमति के लिए दायर की गई अपना घर बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड की अपील साकेत कोर्ट ने खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि संपत्ति जिस सड़क पर स्थित है, वह व्यावसायिक नहीं, बल्कि कॉलोनी की अंदरूनी सड़क है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल की अदालत ने यह फैसला सुनाया। बिल्डर ने दलील दी थी कि दिल्ली सरकार ने 15 सितंबर 2006 को अंसारी नगर से कौशल्या पार्क रेड लाइट तक की सड़क को व्यावसायिक घोषित किया था। उसकी संपत्ति इसी हिस्से में आती है। इसके लिए उसने एमसीडी में कन्वर्जन शुल्क भी जमा कराया था। वहीं, एमसीडी ने कहा कि संपत्ति मुख्य सड़क पर नहीं, बल्कि सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया की अंदरूनी सड़क पर है। यहां व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति नहीं है। कोर्ट ने एमसीडी की दलील सही मानते हुए कहा कि शुल्क जमा करने से किसी संपत्ति को व्यावसायिक इस्तेमाल की अनुमति नहीं मिल जाती।