आनंद विहार बस अड्डे पर लोगों की उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
दिवाली में घर जाने के लिए यात्री अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। कई सौ किलोमीटर का सफर तय करने के लिए लोग बसों के ऊपर तक चढ़ गए। आनंद विहार बस अड्डे के अंदर और बाहर लोंगो की भारी भीड़ दिखी। यात्रियों की भीड़ के कारण पूरे इलाके में सुबह से ही यातायात प्रभावित रहा।
रेलवे की तरफ से किए गए तमाम इंतजाम त्योहार में शरीक होने वाले लोगों की तादाद के सामने फीके साबित हुए। स्पेशल ट्रेनों में लोगों को न कन्फर्म टिकट मिल पा रहा है और न ही अनारक्षित कोच में ही भीड़ के चलते जगह मिल पा रही है।
इससे पहले शनिवार को स्टेशन पहुंचे लोगों में सिर्फ एक ललक थी कि वह किसी तरह ट्रेन में चढ़कर घर तक की दूरी तय कर लें लेकिन हजारों लोगों को निराश होना पड़ा। ट्रेन में भले ही सीट नहीं मिले, लेकिन अपने घर पहुंचने की आस लिए बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पहुंच रहे हैं।