अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
लोधी कॉलोनी में सीवर, जलभराव, अतिक्रमण और फुटपाथों के पुनर्विकास जैसी समस्याएं लेकर स्थानीय निवासी पहुंचे। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के सी-3 टाइप-2 फ्लैटों के पास आयोजित कार्यक्रम में पौधारोपण से पहले कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय निवासियों ने सीवर व्यवस्था में परेशानी, पानी जमा होने, पेड़ों की छंटाई में दिक्कत, अतिक्रमण और फुटपाथों के पुनर्विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। चहल ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान और विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। लोगों के बीच जाकर उनकी शिकायतें सुनने से जमीनी समस्याओं को समझने और उन पर कार्रवाई करने में मदद मिलती है।