भारतीय विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों को ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम की पढ़ाई के लिए प्रमाणीकरण को अब पासपोर्ट जरूरी नहीं होगा। ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम के लिए विदेश मंत्रालय के माध्यम से आने वाले विदेशी छात्रों के प्रमाणीकरण के लिए अब संबंधित देश की सरकार द्वारा जारी राष्ट्रीय फोटो पहचान पत्र भी मान्य होगा। अभी तक ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम की पढ़ाई के लिए प्रमाणीकरण के तहत एकमात्र पासपोर्ट ही जरूरी था।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने यूजीसी (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग प्रोग्राम और ऑनलाइन प्रोग्राम) विनियम 2020 में संशोधन किया है। यूजीसी ने इसका गैजेट नोटिफिकेशन भी जारी किया है, जोकि तत्काल प्रभाव लागू हो गया है।
यूजीसी सचिव प्रो. रजनीश जैन की ओर से यूजीसी ( ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग प्रोग्राम और ऑनलाइन प्रोग्राम ) विनियम 2020 का गैजेट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसमें लिखा है कि विदेश मंत्रालय की मंजूरी के बाद यूजीसी (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग प्रोग्राम और ऑनलाइन प्रोग्राम) विनियम 2020 में संशोधन किया गया है। इसके तहत विदेश मंत्रालय (एमईए) के माध्यम से आने वाले विदेशी छात्र यूजीसी द्वारा मान्य 60 विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम की पढ़ाई के लिए अब छात्र अपने देश की सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र दे सकते हैं। संबंधित देश की सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र प्रमाणीकरण के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। हालांकि अन्य माध्यमों से उच्च शिक्षा के लिए विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों के लिए नियमों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। उनके लिए प्रमाणीकरण के रूप में पासपोर्ट ही मान्य रहेगा।