महिला दिवस विशेष: पैरा टेबल टेनिस की स्टार प्रियंका शर्मा की प्रेरणादायक कहानी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समाज की कुछ महिलाएं दूसरों के लिए मिसाल पेश कर रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणा हैं प्रियंका शर्मा। प्रतिभाशाली पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी, जिन्होंने अपनी कमी को ही हथियार बना लिया। प्रियंका ने अपनी मेहनत और लगन से पैरा टेबल टेनिस में कई मुकाम हासिल किए हैं। वे महिला-क्लास 7 कैटेगरी में खेलती हैं और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने पैरा सीनियर टेबल टेनिस नेशनल चैंपियनशिप 2024-2025 में ब्रॉन्ज मेडल जीता। खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में भी उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। चेन्नई में हुए पैरा नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट में भी उन्होंने शानदार खेल दिखाया और ब्रॉन्ज जीतकर सबको प्रभावित किया। वहीं, फिलहाल वो सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए इंदौर में मौजूद हैं। प्रियंका की कहानी हिम्मत की मिसाल है। दिव्यांगता के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। रोजाना कड़ी प्रैक्टिस, ट्रेनिंग कैंप और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने साबित किया कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोई उम्र या सीमा नहीं होती। उनकी सफलता युवा लड़कियों को बताती है कि मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। वे न सिर्फ खेल में देश का झंडा बुलंद कर रही हैं, बल्कि लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।