अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी तथा असम स्किल यूनिवर्सिटी के सहयोग से पलवल स्थित विश्वकर्मा स्किल विश्वविद्यालय ने स्किल लीडर्स कॉन्कलेव एवं स्किल फेयर का आयोजन किया गया। राजघाट स्थित गांधी सत्याग्रह सभागार में आयोजित इस फेयर का उद्घाटन बतौर मुख्यअतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल ने किया। भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप देश के कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। उद्घाटन करते हुए विजय गोयल ने कहा कि भारत केवल कौशल और नवाचार के माध्यम से ही विकसित राष्ट्र बन सकता है। स्किल विश्वविद्यालय न केवल कक्षाओं में शिक्षण दे रहे हैं बल्कि उद्योगों से जुड़ाव के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक कौशल भी प्रदान कर रहे हैं। दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो डॉ ए के नागावत ने स्किल विश्वविद्यालयों में कौशल विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने उद्योगों के साथ गहन सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह बताया कि डीएसईयू ने 200 से अधिक उद्योगों के साथ समझौता ज्ञापन किए हैं। मेले के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कौशल-आधारित परियोजनाओं का प्रदर्शन किया।