-मामले की सुनवाई में सभी 17 आरोपी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुए पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका कोर्ट ने उत्तम नगर में होली के दौरान हुई हत्या के मामले का आरोप पत्र शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिवाली बंसल ने चार्जशीट के दस्तावेजों की जांच के लिए 14 मई को अगली सुनवाई करने का आदेश दिया। मामले की सुनवाई में सभी 17 आरोपी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए। सुनवाई में आरोपियों की ओर से पेश वकीलों ने आरोपियों को सुनवाई की अगली तिथि को फिजिकल कोर्ट में पेश करने की मांग की ताकि कोर्ट में चल रही कार्यवाही उनकी उपस्थिति में हो। इस पर कोर्ट ने संबंधित जेल प्रशासन को नोटिस देकर पूछा कि वे दो दिन में कानून-व्यवस्था और कैदियों की सुरक्षा का आकलन कर ये बताएं कि आरोपियों को कोर्ट में फिजिकल पेश किया जा सकता है कि नहीं। 6 मई को दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल किया था। दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट में 17 लोगों को आरोपी बनाया है।