दिल्ली की हवाओं को धुलने, प्रदूषण स्तर कम करने के लिए दिल्ली सरकार बेशक कृत्रिम बारिश करवाने की योजना पर काम कर रही है, लेकिन मौसमी दशाएं फिलहाल इसके अनुकूल नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर समेत हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, लेकिन दिल्ली और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश होने या नम बादलों के बनने की संभावना बेहद कम है। इससे दिल्ली सरकार की कृत्रिम बारिश यानी क्लाउड सीडिंग की योजना अधर में अटक सकती है।
आईएमडी के मुताबिक, बृहस्पतिवार व शुक्रवार दिल्ली के आसमान में बादल रहेंगे, लेकिन इससे बारिश नहीं होगी। पश्चिमी विक्षोभ के आने से वातावरण में नमी जरूर बढ़ेगी, लेकिन इसकी मात्रा कृत्रिम बारिश करवाने के अनुकूल नहीं रहेगी। इस दौरान मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले बादल छाए रहेंगे, जबकि क्लाउड सीडिंग के प्रभावी नतीजे के लिए पर्याप्त नमी वाले संवहनीय बादलों की जरूरत होती है।
आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तरी पंजाब के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। लेकिन दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और गंगा के मैदानी क्षेत्रों में पर्याप्त बारिश के आसार नहीं हैं।
बता दें कि बुधवार दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा था कि क्लाउड सीडिंग के परीक्षण आईआईटी कानपुर की निगरानी में जारी हैं। यह संस्थान अपनी रिसर्च के तहत लगातार परीक्षण कर रहा है। सरकार की ओर से कृत्रिम बारिश कब और कैसे कराई जाएगी, इसकी जानकारी अध्ययन पूरा होने और सकारात्मक नतीजे सामने आने के बाद ही दी जाएगी।
बंगाल की खाड़ी की हलचल पर नजर : मौसम वैज्ञानिकों की बंगाल की खाड़ी में एक मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, 15 या 16 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि इसके आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने या बांग्लादेश की दिशा में जाने के अलग-अलग अनुमान हैं। यदि यह बांग्लादेश की ओर बढ़ता है तो उत्तर-पश्चिम भारत और गंगा के मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज हो सकती हैं। इससे प्रदूषकों को बिखरने में मदद मिल सकती है। लेकिन यह पूरी तरह सिस्टम की दिशा और उसकी तीव्रता पर निर्भर करेगा।