लॉकडाउन में कारोबार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए एक जिम कारोबारी ने गैंगस्टर नीरज बवानिया का साथी बनकर दूर के रिश्तेदार से एक करोड़ की रंगदारी मांगी। बाहरी जिला पुलिस ने आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने धमकी देने के लिए जिन दो मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था उसे हरियाणा के दो अलग अलग जगहों से झपटा था। पुलिस आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।
मियांवाली में जूते का कारोबार करने वाले सचिन ने 24 अगस्त को पश्चिम विहार ईस्ट थाने में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की शिकायत की। जिसमें उसने बताया कि दो तीन दिन से विदेशी नंबर से उसके पास कॉल आ रहे हैं और फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर नीरज बवानिया का साथी बताकर उससे एक करोड़ की रंगदारी मांगी है।
मामले की जांच के दौरान जिले के वाहन चोरी निरोधक शाखा के निरीक्षक जे पी मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाया कि पीड़ित को एक विदेशी और दो भारतीय नंबरों से कॉल किए गए हैं। पुलिस को भारतीय नंबरों की जांच में पता चला कि दोनों फोन हरियाणा के धारूहेड़ा में दो जगहों से कारों का इस्तेमाल कर छीने गए हैं। एक टीम धमकी देने में इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय नंबरों की जांच कर रही थी।
जांच में पता चला कि फोन कलानौर रोहतक के रहने वाले पंकज के फोन से किया गया है। 12 सितंबर को पुलिस ने दबिश देकर पंकज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके घर से फोन झपटने में इस्तेमाल नेक्सॉन कार मिल गई।