नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मंगलवार से छात्रों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर हुए आंदोलन के चलते प्रशासन ने 24 अक्तूबर को आदेश जारी कर कक्षाओं को ऑनलाइन मोड में कर दिया था। आंदोलन समाप्त होने के बाद प्रशासन ने 10 नवंबर से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्देश दिया था। जामिया में कैंटीन और लाइब्रेरी पहले ही खोल दी गई हैं। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार से कैंपस पहले की तरह संचालित होगा। सभी विभागों और केंद्रों में नियमित ऑफलाइन कक्षाएं लगेंगी। हालांकि, त्योहारों का सीजन होने के कारण शुरुआती दिनों में छात्रों की उपस्थिति कम रहने की संभावना है। बता दें कि जामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर 18 दिनों तक आंदोलन चला था। इसके बाद प्रशासन ने 20 साल के अंतराल के बाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मंजूरी दी है। ब्यूरो