तावड़ू। जिले से गुजर रहे कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर थाना मोहम्मदपुर अहिर सीमा क्षेत्र में हुए एक हादसे में गांव गोयला निवासी मदन लाल की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना हाईवे के गोयला अंडरपास के नजदीक गत सात सितंबर की शाम लगभग आठ बजे हुई। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के छोटे भाई बिंटू ने बताया कि हादसा किसी अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ।
उन्होंने बताया कि मदन लाल कंपनी जाने के लिए घर से निकला था। करीब एक घंटे बाद गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि केएमपी रोड पर गोयला अंडरपास पर हुई दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जिसका शव घटनास्थल पर ही है। सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो मृतक की पहचान मदनलाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। संवाद