बताया जा रहा है कि कैफ पुत्र अब्दुल रहीम थाना अंतर्गत गांव अलीपुर तिघरा युवक अपने मामा की लड़की से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है। युवक का आरोप था कि लड़की पक्ष के लोग तो शादी के लिए तैयार हैं लेकिन लड़के का पिता उसकी शादी के लिए तैयार नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर उसने टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। युवक बार-बार नीचे मौजूद लोगों से अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग करता रहा। उसकी इस हरकत के कारण मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
परिवार के लोगों ने भी युवक को नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। युवक के टावर पर काफी ऊंचाई पर पहुंच जाने के कारण पुलिस के सामने भी उसे सुरक्षित नीचे उतारना चुनौती बन गया। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक बातचीत कर उसे भरोसा दिलाया और समझा-बुझाकर नीचे आने के लिए राजी करने का प्रयास किया।
कड़ी मशक्कत और समझाने के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारने में सफल रही। युवक के नीचे उतरते ही परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
बताया जा रहा है कि युवक ने पुलिस और परिवार के सामने युवती से शादी कराने की शर्त रखी। हालांकि, मामले में दोनों पक्षों के बीच क्या सहमति बनी और युवती तथा उसके परिवार की क्या राय है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने युवक को समझाकर मामले को शांत कराया और परिजनों से भी बातचीत की। फिलहाल टावर पर चढ़कर युवक द्वारा किए गए इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
वहीं फिरोजपुर झिरका सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद का कहना है कि दोनों परिवारों समझा दिया गया है आपसी सहमति से बीच का रास्ता निकलकर इस मामले को सुलझाया जाए ताकि युवक आगे से ऐसा गलत कदम न उठाए। युवक को मोबाइल टॉवर से उतारकर तथा उसकी काउंसलिंग करवाकर परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया है।