मृतक युवक की मां बिमला देवी ने बताया कि उसका बेटा हेमंत महिला कॉलेज नूंह में नौकरी करता है। शनिवार की शाम को वह घर पर था तो उसके पास नूंह का ही आकाश पुत्र बनेसिंह आया और उसे घर से बुलाकर ले गया। उसने अपने बेटे को आकाश के साथ जाने से मना किया, लेकिन आकाश उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
कुछ देर बाद उसे सूचना मिली कि हेमंत खाटू श्याम मंदिर के कुंडे वाले तालाब में गिर गया है। वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची तब तक हेमंत तालाब में डूब चुका था। इस पर पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मिला तो फायर विभाग की मदद ली गई।
वह भी युवक को नहीं ढूंढ पाई, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई तो भोंड़सी से एडीआरएफ की टीम पहुंची और युवक को तालाब से ढूंढा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
आकाश पर लगाया आरोप
मृतक युवक की मां ने पुलिस की दी दरखास्त में बताया कि उन्होंने खाटू श्याम मंदिर के पुजारी ज्ञानीदास से घटना की जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि इन दोनों लड़कों की कहासुनी हुई। जब हेमंत डूबने लगा तो पुजारी ने आकाश से कहा कि वह इसका हाथ मुझे पकड़ा दे, मैं बाहर खींच लूंगा, यह बच जाएगा। लेकिन आकाश ने कहा कि डूबने दो इसे इसने उसका कच्छा फाड़ा है।