फिरोजपुर झिरका। उपमंडल के रीगड़ गांव में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। पूरे गांव में जलभराव की स्थिति है। इसे लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण को शिकायती पत्र सौंपकर जल निकासी की मांग की।
गांव से होकर गुजरने वाला लिंक रोड, जो दर्जनों गांवों को जोड़ता है, पूरी तरह जलमग्न है। वहीं, प्राइमरी स्कूल, मिडिल स्कूल और आंगनबाड़ी परिसर में पानी भरा हुआ है। पानी जमा रहने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
शौकीन पुत्र हनीफ, हसन पुत्र हनीफ समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकानों के चारों ओर पानी जमा है। इससे मकानों में दरारें आ गई हैं और गिरने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सरपंच को अवगत कराने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।
हालांकि, जब ग्रामीण एसडीएम से मिले तो गांव के सरपंच भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी समस्या को गंभीर माना। एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बीडीपीओ पंचायत विभाग को जल्द जल निकासी के आदेश दिए।
सरपंच प्रतिनिधि जहान खान ने कहा कि ग्रामीणों के साथ मिलकर एसडीएम को शिकायत पत्र दिया गया है। जलभराव की समस्या को हल करने के लिए गांव में जल्द नाला बनाया जाएगा। संवाद