शाहिद उर्फ आडवाणी के अंतिम संस्कार पर हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
बीते गुरुवार को थाना रोजका मेव क्षेत्र के भिरावटी के पास पुलिस मुठभेड़ में मारे गए वांछित गौ-तस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी के अंतिम संस्कार को लेकर गांव खरखड़ी में हंगामा हो गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और पुलिस के साथ बाहरी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि एक दिन पहले पोस्टमार्टम से पहले मेडिकल कॉलेज में भी धरना-प्रदर्शन हुआ था और पुलिस-प्रशासन के बीच गतिरोध बना था। अब शव लेने के बाद परिजनों का कहना है कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या है और इसमें पुलिस के साथ बाहरी लोगों की भी भूमिका रही है। मृतक के भाई अज्जि और अन्य परिजनों ने ने मांग की है कि संबंधित पुलिसकर्मियों और बाहरी लोगों पर कार्रवाई की जाए, नहीं तो वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे और तावडू-सोहना रोड जाम करेंगे।
चेतावनी के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और तावडू-सोहना रोड पर भी पुलिस पहुंच गई है। प्रशासन परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर तावडू उपमंडल अधिकारी जितेंद्र गर्ग को भी मौके पर बुलाया गया है और कुछ ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे हैं। फिलहाल गांव में गतिरोध बना हुआ है।