फिरोजपुर झिरका। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ निवासी फिरोजपुर झिरका और आरिफ निवासी कालियाबास साकरस के रूप में हुई है। दोनों पर ऑनलाइन ठगी, फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने और साइबर अपराधियों की सहायता करने जैसे गंभीर आरोप हैं।
पुलिस ने बताया कि हाल ही में नाकाबंदी के दौरान दो साइबर अपराधियों को एक कार सहित पकड़ा गया। तलाशी में फर्जी सिम कार्ड और 73 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी एटीएम मशीनों पर लोगों के कार्ड बदलकर और फर्जी सिम का उपयोग कर ऑनलाइन ठगी करते थे। जांच में पता चला कि आसिफ इन अपराधियों को फर्जी बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम उपलब्ध कराता था। इसी आधार पर उसे नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, जुलाई में दर्ज एक अन्य मामले में फेसबुक और व्हाट्सएप बिजनेस पर नकली टॉयज सेलिंग पेज बनाकर लोगों को ठगने वाले आरिफ को भी नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया। तकनीकी जांच में पता चला कि ठगी की रकम कई खातों में ट्रांसफर की गई थी, जिनमें से एक आरिफ का था। उसकी मुख्य भूमिका फर्जी खातों को उपलब्ध कराना और ठगी की रकम को विभिन्न खातों में घुमाना थी। नूंह साइबर थाना पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों मामलों में जांच जारी है।