तावड़ू। खोरी कला में एक मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
खोरी कला निवासी बबलू सिंह चार सितंबर की शाम अपने परिवार के साथ जागरण कार्यक्रम में गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। खोरी कला पुलिस चौकी को सूचना मिलने पर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्य व गुप्त सूचना के आधार पर शमशाद पुत्र अहमद अली (मुजफ्फरनगर) और अक्षय पुत्र धर्मबीर (बिलासपुर, गुरुग्राम) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए गए। चोरी में इस्तेमाल लोहे का कटर भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है। संवाद