संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात विकास बोर्ड की बैठक में नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि जिले के स्कूलों में करीब 50 फीसदी शिक्षकों के पद रिक्त हैं। जेबीटी उर्दू शिक्षकों की भर्ती और कॉलेजों में खाली पद भरने की मांग की। विधायक ने मेवात मॉडल स्कूलों की स्थिति सुधारने, वहां कार्यरत स्टाफ को नियमित करने तथा जेबीटी संस्थानों में नई शिक्षा नीति के तहत नए कोर्स शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों व स्टाफ की कमी दूर करने, रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त करने और हृदय, गुर्दे व न्यूरोलॉजी विभाग शुरू करने की मांग रखी। इसके अलावा जलभराव से समाधान, पेयजल आपूर्ति, खेल स्टेडियम, केंद्रीय विद्यालय की बिल्डिंग, बस सेवा, यूनानी मेडिकल कॉलेज और ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।