नूंह। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 1 जुलाई को प्रदेशभर में विकसित 325 अमृत सरोवरों का ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर नूंह जिले में करीब 8.72 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 16 अमृत सरोवरों का भी उद्घाटन होगा। जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 बजे राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री इसी कार्यक्रम में नूंह के जिला नागरिक अस्पताल के नवीनीकरण के बाद उसका भी ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। साथ ही जिले के सभी सरकारी अस्पतालों व चिकित्सा महाविद्यालय में पौधारोपण पखवाड़े की शुरुआत तथा प्रथम चरण में राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा। संवाद