पिनगवां। जिले के पिनगवां स्थित आईकेएम पब्लिक स्कूल में सोमवार को नीट-2026 में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को फूलमाला पहनाकर और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के पूर्व छात्र मोईन ने नीट में 569 अंक, वसीम ने 605 अंक तथा गांव डूंगेजा निवासी हफ्शा ने 551 अंक प्राप्त कर विद्यालय और नूंह जिले का नाम रोशन किया। तीनों विद्यार्थियों ने आईकेएम पब्लिक स्कूल से ही 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की है। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी। कार्यक्रम में जिला पार्षद फजरुद्दीन तथा विद्यालय के प्रबंधक अरमान खान ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि इन मेधावी छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं और आने वाले समय में भी विद्यालय उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा। संवाद