पिनगवां। नूंह जिले की मोहलाका ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर हुई कथित अनियमितताओं के मामले में रिकवरी की राशि तय होने के बाद भी पूरी वसूली नहीं हो पाई है। कई महीने बीतने के बावजूद 14 लाख 45 हजार रुपये बकाया हैं। शिकायतकर्ता नसीर अहमद के अनुसार, ग्राम पंचायत में 2017-18 और 2020-21 के दौरान रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (जीरामजी) योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की गई थी। इसमें करीब 193 कार्यों को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें छह कार्यों में अनियमितताएं मिलने पर कुल 17 लाख 17 हजार रुपये की रिकवरी निर्धारित की गई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पूर्व सरपंच नाजिर खान के जिम्मे 16 लाख 45 हजार रुपये और वर्तमान सरपंच अर्जीना के जिम्मे 72 हजार रुपये की रिकवरी तय हुई थी। वर्तमान सरपंच ने अपने हिस्से की पूरी राशि जमा करा दी, जबकि पूर्व सरपंच की ओर से अब तक केवल दो लाख रुपये जमा कराए गए हैं। संवाद