क्रॉस वोटिंग के बाद इलियास-सीएम मुलाकात पर चर्चा का बाजार गर्म
पिनगवां। पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की है। विधायक की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के बाद मेवात की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस दौरान विधायक इलियास ने मुख्यमंत्री को मेवात क्षेत्र के दौरे का विशेष न्योता दिया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराने की बात कही।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर इलियास का नाम भी चर्चा में रहा है। इसी वजह से उनकी सीएम से मुलाकात को लेकर अलग-अलग तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इस मुलाकात को क्षेत्र के विकास के लिहाज से सकारात्मक कदम मान रहे हैं जिनका कहना है कि अगर मुख्यमंत्री मेवात का दौरा करते हैं तो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान तेज हो सकता है और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग इसे कांग्रेस पार्टी और मतदाताओं के साथ विश्वासघात के रूप में देख रहे हैं। उनका मानना है कि क्रॉस वोटिंग के बाद इस तरह की मुलाकात राजनीतिक संकेत देती है, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी भी देखी जा सकती है। फिलहाल इस पूरे मामले पर विधायक इलियास की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन उनकी इस मुलाकात ने क्षेत्र में सियासी माहौल को जरूर गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में इस घटनाक्रम के राजनीतिक असर पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी। संवाद