11 सितंबर को 957 अधिवक्ता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बार के विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी वकील मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। इस बार प्रधान पद का मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है, क्योंकि इस पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे में किसी एक प्रत्याशी की जीत का अनुमान लगाना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है।
प्रधान पद के लिए अजीज अख्तर रूपड़िया, सुलेमान खान, पूर्व प्रधान साजिद सलम्बा, किफायत अली और समीम बदरपुर चुनाव मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। चुनाव प्रचार के साथ ही बार परिसर में राजनीतिक चर्चाओं और संभावित समीकरणों का दौर भी शुरू हो गया है।
बार एसोसिएशन का चुनाव 11 सितंबर को कोर्ट परिसर में कराया जाएगा। चुनाव में कुल 957 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर निर्वाचन अधिकारी निशांत गुप्ता तथा उनके सहयोगी मोहम्मद आजाद और आनंद यादव तैयारियों में जुटे हुए हैं। निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।
वहीं, प्रधान पद के अलावा अन्य पदों पर भी प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। उपप्रधान, ज्वाइंट सचिव, जनरल सचिव तथा महिला उपप्रधान पद के लिए भी उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। महिला उपप्रधान के तीन आरक्षित पदों के लिए फातिमा वर्मा, कविता वर्मा और लक्ष्मी मैदान में हैं।