फिरोजपुर झिरका। नूंह जिले के मुंडका गांव में पार्किंग विवाद से भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने राजस्थान के हाजीपुर निवासी सुभान खां उर्फ सुब्बन को गिरफ्तार किया है। 29 अगस्त को घर से पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार, सुभान खां पर आपराधिक साजिश, दंगा भड़काने, हमला और आगजनी के आरोप हैं। वह हिंसा में मुख्य भूमिका निभाने का दोषी पाया गया है।
गौरतलब है कि 12 अगस्त को पार्किंग विवाद से शुरू हुआ झगड़ा हिंसा में बदल गया था। पत्थरबाजी, लाठी-डंडों से हमला और आगजनी में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने अब तक 24 नामजद और 30-40 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में अब तक पांच से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।