तावडू। शहर के गौतम नगर में मकान के बाहर बैठे एक युवक पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने हमला किया। इस दौरान एक बदमाश ने चाकू से हमला किया। बचाव में आए दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मनदीप को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की है। दूसरे आरोपी सौरभ की तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता मनोज निवासी वार्ड-नौ, गौतम नगर ने बताया कि छह सितंबर की रात लगभग 10 बजे वह अपने भाई सतीश के साथ घर के पास बैठा था। इसी दौरान मनदीप और सौरभ मोटरसाइकिल पर पहुंचे और बिना वजह गाली-गलौज करने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें समझाकर घर भेज दिया। थोड़ी देर बाद मनदीप पड़ोसी की छत से कूदकर हाथ में दो धारदार चाकू लेकर गली में आया, जबकि सौरभ लोहे की रॉड लेकर पहुंचा। मनदीप ने हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए मनदीप से चाकू छीन लिया और घायलों की जान बचाई। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सतीश और धनीराम को गंभीर हालत में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।