तावड़ू। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और हरियाणा सरकार की बहुभाषी शिक्षा पहल के अंतर्गत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तावडू में कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों के लिए फ्रेंच भाषा कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हेमंत ने की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फ्रेंच जैसी अंतरराष्ट्रीय भाषा का ज्ञान उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उच्च शिक्षा और भविष्य में रोजगार के नए अवसर खोलेगा। विद्यालय के प्राचार्य विजय प्रतीक धनखड़ ने बताया कि हरियाणा में इस महत्वाकांक्षी योजना के पहले चरण में केवल 26 सरकारी विद्यालयों का चयन किया गया है। जिला नूंह से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाटूका और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तावडू को इस योजना के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और विद्यालय इसके सफल क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संवाद