नूंह। यासीन मेव डिग्री कॉलेज नूंह के प्रांगण में बृहस्पतिवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण जनजागरण अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए जिला कार्यशाला एवं जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधायक दीपक मंगला तथा जिला प्रभारी समय सिंह भाटी उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला संयोजक एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन तथा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने संयुक्त रूप से की।
वक्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के मजबूत अवसर पैदा होंगे। दीपक मंगला ने कहा कि मनरेगा में बहुत सारी कमियां-खामियां थी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था । इसका किसी के पास कोई भी हिसाब किताब नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्त्व में भाजपा की केंद्र सरकार ने इसका मनरेगा से नाम बदलकर वीबी जी राम जी रखा और इसमें जनहित को लेकर बहुत से बदलाव किए। कई योजनाओं को इस से जोड़ा। मजदूरों को सौ दिन की बजाए एक सौ पच्चीस दिन का रोजगार देने का काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को लाभ दिलाने का आह्वान किया। सम्मेलन में प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन, सभी सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद