संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। सिकरावा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर एवं खस्ताहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल भवन की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में पीएचसी सिकरावा की ओपीडी को सीएचसी पिनगवां में शिफ्ट किया हुआ है। इसके चलते सिकरावा सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को उपचार के लिए पिनगवां जाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सिकरावा क्षेत्र के लिए यह स्वास्थ्य केंद्र काफी महत्वपूर्ण है और यहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।
मकसूद खान, खुर्शीद अहमद, नोमान खान, शिवराम, अख्तर हुसैन, जाकिर हुसैन, मनीष खान सरपंच, परवेज आलम और हामिद खान ने बताया कि लंबे समय से पीएचसी की स्थिति खराब बनी हुई है। ओपीडी पिनगवां में होने से मरीजों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से पीएचसी सिकरावा का तत्काल निरीक्षण करवाने की मांग की है। उन्होंने अस्पताल भवन की आवश्यक मरम्मत अथवा जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण करवाने तथा ओपीडी को दोबारा सिकरावा में शुरू करने की मांग की। साथ ही अस्पताल में डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।