नूंह। गांव घासेड़ा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान जाहिद पुत्र जफरूद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जाहिद सुबह अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर जरूरी काम से सोहना जा रहा था। गांव घासेड़ा के रिठौड़ा मोड़ के आगे नूंह की ओर से आ रहे एक कंटेनर ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक ब्रेक लगा दी। अचानक ब्रेक लगने से जाहिद की मोटरसाइकिल कंटेनर से जा टकराई। हादसे में जाहिद के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर भीड़ जमा हो गई, जबकि कंटेनर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को निजी वाहन से नलहड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच में जुटी है। संवाद