नूंह। लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव से बनी बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए उपायुक्त अखिल पिलानी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
डीसी अखिल पिलानी ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित घरों में रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेष रूप से नदियों के किनारे, जर्जर पुलों और निचले इलाकों की सड़कों पर जाने से परहेज करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ संबंधी समस्या के लिए जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 01267-299625 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। ये टीमें नालों की सफाई, जल निकासी, पंपिंग और बांधों की सुरक्षा का कार्य करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल टीमें संवेदनशील गांवों में तैनात रहेंगी, वहीं पुलिस, अग्निशमन विभाग और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक राहत और बचाव कार्यों के लिए हर समय तैयार रहेंगे।