छह-सात अन्य आरोपियों के खिलाफ भी केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। लहरवाड़ी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक अजरुद्दीन की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मृतक के भाई सद्दीक की शिकायत पर 20 नामजद आरोपियों समेत छह-सात अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे अजरुद्दीन अपने भाई सदीक और अन्य लोगों के साथ गांव के कब्रिस्तान के पास मौजूद था। इसी दौरान कई आरोपी मोटरसाइकिल, गाड़ियों से पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में डंडे, सरिया, चाकू और हथियार थे। आरोपियों ने वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अजरुद्दीन को आरोपियों ने पकड़ लिया और उसके सिर में गोली मार दी।
शिकायत में मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अब हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियारों को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुन्हाना सदर थाना प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।