बरात में लाइट पकड़ने का काम करता है पीड़ित
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल सिंह ने बताया कि गांव बंचारी निवासी सविता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनका बेटा शादी समारोह के दौरान बरात में लाइट पकड़ने का काम करता है। 10 दिसंबर की रात वह दो अन्य बच्चों के साथ घर आ रहा था। रास्ते में एक गाड़ी पर सवार तीन लोगों ने बच्चों को रोका। जब बच्चे उनके पास पहुंचे तो चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने लगे। इस दौरान दो बच्चे भाग गए। उनके बेटा आदित्य को उन लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद मारपीट करने लगे। हमलावरों ने उनके बेटे के पैर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
बेहोश हुआ तो दरिंदों ने किया पुलिस के हवाले
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उनके नाबालिग बेटे को करंट भी लगाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। उसकी हालत खराब होने पर आरोपियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर हालत को देखकर पुलिस ने आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में मां की शिकायत पर गांव निवासी बृजेश, बुलंदी सहित राजेंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धारा सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।