- परीक्षा एजेंसी भंग करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने सोमवार को नीट प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई ने एनटीए को तत्काल भंग करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे व प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित विद्यार्थियों और उनके परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की छात्र विरोधी नीतियों और परीक्षा प्रणाली की विफलताओं के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन के अनुसार, लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक, अव्यवस्था और जवाबदेही की कमी से विद्यार्थियों का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा टूटता जा रहा है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने बताया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है।