यमुना सिटी। एयरपोर्ट प्रभावित युवा अब आंदोलन करने की तैयारी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को तहसील पहुंचकर अपना विरोध जताया। उनका कहना है कि सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है और नौकरी के नाम उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। सात युवाओं का बुधवार को एयरलाइंस कंपनी इंडिगो में दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया है लेकिन उनसे कहा गया है कि उन्हें दिसंबर तक नौकरी मिलेगी। युवाओं का नेतृत्व कर रहे अरुण कुमार ने बताया कि नौकरी के लिए लगभग 350 युवाओं ने सरकार की ओर से मिलने वाले पांच लाख रुपये नहीं लिए थे। उन्हें यह भरोसा था कि उन्हें एयरपोर्ट में नौकरी दी जाएगी लेकिन सात साल बीतने के बाद भी अभी तक उन्हें नौकरी नहीं मिल पाई है। ब्यूरो