यमुना सिटी (संवाद)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले गांवों के युवाओं में उस समय नाराजगी फैल गई, जब उन्हें एयरपोर्ट संचालित करने वाली कंपनी या एयरलाइंस के बजाय एक थर्ड पार्टी कंपनी की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर मिला। युवाओं का कहना है कि उन्हें एयरपोर्ट संचालन कंपनी अथवा इंडिगो और अकासा एयर जैसी एयरलाइंस में रोजगार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब थर्ड पार्टी कंपनी में नौकरी दी जा रही है। इसे लेकर रविवार को युवाओं ने किशोरपुर गांव में बैठक की। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले परिवारों के युवाओं को बीते 8 जुलाई को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि कहना है कि यदि रोजगार दिया जा रहा है तो वह सीधे एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी या एयरपोर्ट से जुड़ी प्रमुख एयरलाइंस में मिलना चाहिए। यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।