बैग में एक लाख रुपये और कागजात थे
नई दिल्ली। नेताजी सुभाष पैलेस इलाके में सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक युवक के पैर में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश युवक का बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में एक लाख रुपये और अन्य दस्तावेज थे। पुलिस के अनुसार, सरस्वती विहार निवासी रितेश नेताजी सुभाष पैलेस स्थित एक टावर में केमिकल कंपनी में नौकरी करता है। रात करीब 11 बजे पुलिस को सर्वोदय विद्यालय के पास युवक को गोली मारने की सूचना मिली। पुलिस को रितेश सड़क पर बैठा मिला। उसके पैर से खून निकल रहा था। पुलिस ने रितेश को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया। रितेश ने पुलिस को बताया कि घर लौटते समय बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोका और बैग छीनने लगे। विरोध करने बदमाशों से उसकी हाथापाई हो गई। इस बीच बदमाशों ने दो गोलियां चला दीं, लेकिन रितेश ने बैग नहीं छोड़ा। इससे गुस्साए एक बदमाश ने उसके पैर में गोली मार दी और बैग छीन लिया। आशंका है कि वारदात में कार्यालय का पूर्व कर्मचारी भी शामिल हो सकता है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे को खंगालकर बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है। ब्यूरो