नगीना। नगीना के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में शनिवार को मुक्केबाजी, वॉलीबॉल और तायक्वोंडो खेल में खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। नगीना खेल परिसर में पहुंचीं जिला खेल अधिकारी मैरी मैसी ने कहा कि मेवात के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है वह खेलों में भाग ले और अपने परिवारों का मान-सम्मान बढ़ाकर देश में मेवात का नाम रोशन करें। खेलों में युवाओं का भविष्य सुनहरा है। मेवात के खिलाड़ी एवं युवा अपने जीवन को सुखमय बना सकते हैं, इसमें अपार संभावनाएं हैं। बड़ी बात यह है कि खेलों से सेहत ठीक रहती है और खिलाड़ियों को हरियाणा सरकार की तरफ से नौकरी और उचित इनाम भी दिए जाते हैं। जिला मुक्केबाजी कोच मनोज कुमार ने कहा कि इस बार 15 प्रकार के खेल जिलेभर में कराए गए। नगीना में चार प्रकार के खेल हुए। हमें उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर पदक जीतकर लाएंगे। उन्होंने बताया कि वॉलीबॉल में इंडरी प्रथम, तावडू द्वितीय व बीसरू तृतीय रही। जबकि मुक्केबाजी में अब्दुल्लाह, शेकूल, इमरान, सद्दाम, आकिब, जावेद, राजुद्दीन, मोहिनी व अन्य खिलाड़ियों ने अपने किलोभार में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, तायक्वोंडो में मुस्तफा, रिजवान, शाहरुख खान, सोहेब ने जीत हासिल की।