ईंट मारकर युवक को किया घायल
नोएडा। सेक्टर-62 के बी-ब्लॉक मार्केट में कहासुनी के बाद कार सवार युवकों ने युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि आठ-नौ युवकों ने मारपीट की और फिर ईंट मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सर्फाबाद निवासी उज्ज्वल त्यागी ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार देर रात मार्केट में पराठा खाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो कारों में सवार युवक वहां आए और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें सड़क पर खींच लिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने ईंट उठाकर उनके सिर और सीने पर वार किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। ब्यूरो