-मलकपुर स्टेडियम में आज से जिला स्तरीय विभिन्न खेलों का होगा ट्रायल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर जिले के युवा खिलाड़ियों को आवासीय खेल हॉस्टल में दाखिला लेने का मौका मिलेगा। इससे पहले उन्हें जिला व मंडल स्तर के ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करना होगा। जो 13-14, 17 व 18 और 19 व 20 मार्च को होंगे।
उप जिला क्रीडा अधिकारी अनिता नागर ने बताया कि जिला स्तर के ट्रायल का आयोजन 13 व 14 और 17 व 18 मार्च को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हाॅकी, वालीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस के ट्रायल 13 और 14 मार्च को होंगे। जबकि क्रिकेट, कबड्डी, बॉस्केटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो व हैंडबॉल के ट्रायल 17 व 18 मार्च को होंगे। जो खेल सुविधा स्टेडियम में नहीं है। उनको दूसरी जगह ट्रायल कराया जाएगा। जिम्नास्टिक व तैराकी के ट्रायल में 12 वर्ष और अन्य खेलों के ट्रायल में 15 वर्ष तक के बालक व बालिका भाग ले सकते हैं। सभी को मेडिकल सर्टिफिकेट और आयु प्रमाण पत्र लाना होगा। जिला स्तर पर सफल होने के बाद मंडल स्तर पर ट्रायल के लिए 15, 16, 19 व 20 मार्च को आवेदन करना होगा। मंडल स्तरीय चयन के बाद टीम का गठन किया जाएगा। जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। वहां अच्छा प्रदर्शन करने के बाद छात्रावास में प्रवेश मिलेगा।