रंजिश में युवक को गोली मारने का आरोप
दनकौर संवाद। मुतैना गांव में एक युवक संदिग्ध अवस्था में गोली लगने से घायल हो गया। युवक के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते गोली मारने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष की मोनिका ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका भांजा अंकी जो बुलंदशहर का रहने वाला है। कुछ वर्षों से उसके घर पर रहकर ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार को वह अपने ससुर के साथ किसी काम से ग्रेटर नोएडा गई थी। लौटने पर देखा कि पड़ोस के कुछ लोग घर से भागते हुए निकल रहे थे। जब वह कमरे के अंदर पहुंची तो भांजा अंकी घायल अवस्था में पड़ा मिला। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत लेकर जांच की जा रही है।