- दिल्ली और नोएडा की बास्केटबॉल अकादमियों के बीच फ्रैंडली मैच, खिलाड़ियों ने सीखे खेल के नए गुर
नोएडा (संवाद)। खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं, बल्कि सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और खेल भावना विकसित करने का माध्यम भी है। इसी उद्देश्य के साथ नोएडा स्टेडियम स्थित आरएसए स्पोर्ट्स बास्केटबॉल अकादमी में दिल्ली की सी-9 वसंत विहार बास्केटबॉल अकादमी और नोएडा की आरएसए स्पोर्ट्स बास्केटबॉल अकादमी के बीच विभिन्न आयु वर्गों में मैत्री मुकाबलों का आयोजन किया गया। दिल्ली की टीम अपने हेड कोच प्रताप बिष्ट के नेतृत्व में नोएडा पहुंची। प्रतियोगिता के दौरान अंडर-12 बालक, अंडर-16 बालक और अंडर-16 बालिका वर्ग में मुकाबले खेले गए। आयोजकों के अनुसार इस तरह के फ्रैंडली मैच खिलाड़ियों को प्रतियोगी माहौल में खेलने का अनुभव देते हैं। साथ ही उन्हें अपनी ताकत और कमियों को पहचानने का अवसर भी मिलता है। प्रतियोगिता के अंत में प्रत्येक वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को सम्मानित किया गया, जिससे युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। आरएसए स्पोर्ट्स बास्केटबॉल अकादमी के पदाधिकारियों ने बताया कि नोएडा में बास्केटबॉल का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। ऐसे इंटर-अकादमी मुकाबले खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खिलाड़ियों की राय-
फ्रैंडली मैच का उद्देश्य खिलाड़ियों की कमियों को पहचानकर उन्हें बेहतर बनाना और खेल के माध्यम से आपसी भाईचारा बढ़ाना है। -अशोक कुमार, बास्केटबॉल कोच
पहली बार मैच के दबाव को महसूस किया। यह अनुभव अभ्यास मुकाबलों से बिल्कुल अलग और सीखने वाला रहा। -यशवी कौल, खिलाड़ी
कठिन मुकाबले हमें अपनी गलतियां समझने और भविष्य के लिए बेहतर तैयारी करने का मौका देते हैं। -दक्ष, खिलाड़ी
हार के बावजूद हमने बहुत कुछ सीखा। अब कमियों पर काम कर अगली बार बेहतर प्रदर्शन करेंगे। -संचित, खिलाड़ी