भागने के दौरान रिक्शा चालक से टकराया आरोपी, उसपर भी किया हमला
पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार, चाकू बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अशोक विहार इलाके में कंधा टकराने पर पड़ोसी ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहा आरोपी एक रिक्शा चालक से टकरा गया। रिक्शा चालक के विरोध करने पर आरोपी ने उसपर भी चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर फरार हो गया। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया,जबकि रिक्शा चालक का गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। पुलिस ने रिक्शा चालक के बयान पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की शिनाख्त 38 वर्षीय अशोक के रूप में हुई है। अशोक एक फैक्टरी में काम करता था। 10 जनवरी की रात करीब 9 बजे वह घर जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 18 साल का रोहित वहां से गुजर रहा था। रोहित का कंधा अशोक के कंधे से टकरा गया। इसको लेकर अशोक ने उसे ठीक से चलने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। रोहित ने चाकू निकालकर अशोक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद रोहित वहां से भागने लगा। इसी दौरान वह वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र निवासी रिक्शा चालक गणेश से टकरा गया। इस बात पर आरोपी गणेश से उलझ गया। विवाद बढ़ने पर रोहित ने गणेश पर भी चाकू से हमला कर दिया। गणेश के जांघ और प्राइवेट पार्ट पर चाकू लगा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पास के अस्पताल में लेकर गई। जहां अशोक का मृत घोषित कर दिया। वहीं गणेश का इलाज चल रहा है। गणेश ने पुलिस को बताया कि उसने रोहित को अशोक पर हमला करते देखा था। उसके बाद भागने के दौरान उसने उसपर भी हमला किया।